उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार…

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडराने लगे हैं।  मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज रिमझिम बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं कल पहाड़ की ऊंची चोटियों में हल्की बारिश व बर्फबारी के साथ ही कहीं कहीं ओलावृष्टि के आसार जताए गए हैं। हल्की बारिश और बर्फबारी के अलावा आगामी 17 फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गढ़वाल में उत्तरकाशी, चमोली और कुमाऊं में पिथौरागढ़ जिले में मौसम करवट ले सकता है। जबकि ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी भी संभव है। हालांकि बाकी जिलों में भी कुछ जगहों पर आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। बारिश और बर्फबारी को लेकर 3 जिलों में मौसम विभाग इसकी संभावना व्यक्त कर रहा है। चमोली उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जनपद में कुछ जगह पर हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। उधर 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का भी अंदेशा लगाया गया है। हालांकि राज्य के बाकी जनपदों में मौसम के सामान्य रहने की उम्मीद लगाई गई है, लेकिन कुछ जिलों में आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की भविष्यवाणी भी की गई है। मौसम विभाग ने तीन पर्वतीय जनपदों में मौसम बदलने के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी का भी अंदेशा जताया है।

बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही चटख धूप खिलने से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही थी। जिसके बाद सोमवार को मौसम का मिजाज बदलने लगा। बादलों की आंख मिचौनी के साथ हल्की हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी। दून में अधिकतम तापमान में 24 घंटे के भीतर तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here