उत्तराखंड: तुषार हत्याकांड के दो और आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, अन्य की धरपकड़ तेज…

0
7

ऊधमसिंह नगर।खटीमा में तीन दिन पहले हुए तुषार शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस अन्य अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।

हत्याकांड में मृतक युवक तुषार शर्मा के पिता मनोज शर्मा की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी हाशिम सहित गुफरान, समीर, पप्पू चाय वाला, शहबाज एवं अन्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ट पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के अनुसार अभियुक्तों की चल-अचल संपत्ति की भी जांच शुरू कर दी गई है।

खटीमा कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों रोडवेज बस स्टेशन के करीब तुषार शर्मा की सनसनीखेज हत्या के मामले में उधमसिंह नगर की खटीमा कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बता दें कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 की रात्रि कोतवाली खटीमा क्षेत्रान्तर्गत रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना में तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि सलमान और अभय उर्फ बाबू गंभीर रूप से घायल हुए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। दिनांक 13 दिसंबर 2025 की देर रात्रि अभियुक्त हाशिम को कस्बा झनकट क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए उप कारागार हल्द्वानी भेजा दिया गया। जबकि दिनांक 15 दिसंबर 2025 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मजगमी पुल के पास सितारगंज रोड से अभियुक्त गुफरान (उम्र 20 वर्ष) व समीर उर्फ मैरी (उम्र 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है, साथ ही, मामले में शामिल अभियुक्तों की चल एवं अचल संपत्तियों की भी गहनता से जांच की जा रही है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के अनुसार अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.