उत्तराखंड : पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राजधानी समेत आसपास के पर्वतीय जिलों में आज मंगलवार को बारिश हो सकती है। 3500 से अधिक मीटर की ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम के बदले मिजाज से देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। इससे ठंड का तेजी से बढ़ना तय है। बदरीनाथ धाम में सोमवार को सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी से धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दोपहर बाद केदारनाथ धाम में करीब आधे घंटे तक हल्की बर्फबारी हुई थी। धाम की ऊंची चोटियां पहले ही बर्फ से ढक चुकी हैं। अब धाम से लगी पहाड़ियों में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं बदरीनाथ में बर्फबारी का असर जोशीमठ क्षेत्र में भी नजर आया। पांडुकेश्वर, जोशीमठ और औली में शाम ढलते ही शीतलहर चलने लगी। जिससे पूरा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। 
पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन का छठा हिमपात और खलिया टॉप में सीजन का पहला हिमपात हुआ। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रहे हिमपात के कारण निचले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। निचले क्षेत्रों में पाला पड़ने के कारण लोगों को काफी दिक्कत हो रही हैं। दोपहर बाद मुनस्यारी में ओलावृष्टि हुई। खलियाटॉप में सीजन का पहला हिमपात हुआ। मुनस्यारी के उच्च हिमालयी इलाकों पंचाचूली, राजरंभा, मिलम, नंदा देवी, छिपला केदार, हंसलिंग सहित कई अन्य हिस्सों में बर्फ गिरी। हिमपात के बाद मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम 12 डिग्री दर्ज किया गया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here