उत्तराखंड : ग्राम प्रधान को गोली से उड़ाया, धरा गया आरोपी युवक

पिथौरागढ़। जिले में थल तहसील के पुरानाथल क्षेत्र के माछीखेत गांव में एक युवक ने ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपी मृतक के बड़े भाई की लाइसेंसी बंदूक चुराकर लाया था। पुलिस और राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात लगभग 9.30 बजे माछीखेत के बानड़ी तोक निवासी ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह किसी काम से घर से बाहर आए थे। इसी दौरान गांव के ही 22 वर्षीय युवक नीरज सिंह ने पुष्कर सिंह को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग बाहर आए तो देखा खून से लथपथ पुष्कर सिंह जमीन पर पड़े थे। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस दौरान आरोपी नीरज उर्फ नीरू भंडारी मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना मिलने पर रविवार की सुबह थल के राजस्व निरीक्षक गोविंद नाथ गोस्वामी, पूरन सिंह गोस्वामी, राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर राम, पवन चौहान और संजीव द्विवेदी ने मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी युवक मृतक ग्राम प्रधान के बड़े भाई राजेंद्र सिंह की लाइसेंसी बंदूक को चोरी कर ले गया था। घर से बंदूक के साथ ही कारतूस भी गायब थे। आरोपी नागीमल मंदिर के शौचालय में छिपे होने की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों ने बाहर से दरवाजे का कुंडा लगाकर उसे बंद कर दिया। इस कारण वह भाग नहीं सका। बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने दोनाली बंदूक और कारतूस बरामद कर लिए हैं। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here