सचिवालय में लोगों को बेकार चक्कर न कटवाएं : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बुधवार को सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण किया जाय। उन्होंने कहा कि शासन से जनता के बहुत उम्मीदें होती हैं। यह सुनिश्चित किया जाये कि जन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से हो।

धामी ने कहा कि कार्यों में तेजी के साथ ही समयबद्धता एवं कार्यों के प्रति पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि अपने कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक सचिवालय के चक्कर न लगाने पड़े। शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों के ट्रेकिंग सिस्टम को और मजबूत बनाया जाये। आगंतुकों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार रखा जाये।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव एल फैनई, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, सौजन्या, अपर सचिव सोनिका भी मौजूद थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सचिवालय में पूजा अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। सीएम बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार सचिवालय पहुंचकर शासकीय कार्यों की शुरुआत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here