देहरादून : कोरोना की भेंट चढ़ा दंपति तो मकान कब्जाने पहुंच गई भाजपा नेत्री, बेटों समेत गिरफ्तार

  • भाजपा की छवि खराब करने पर महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीना गोयल को पार्टी ने किया निष्कासित

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीना गोयल और उनके पुत्रों पर मकान कब्जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रीना गोयल, उनके दो पुत्रों और एक अन्य को गिरफ्तार भी कर लिया है। मामले में शिकायत संपत्ति के मालिक के भाई ने पुलिस को अमेरिका से की थी। 
पुलिस के अनुसार सुभाष नगर में डीके मित्तल के नाम मकान है। उनके भाई सुरेश महाजन अमेरिका में रहते हैं। उन्होंने ई-मेल के जरिए शिकायत कर बताया कि उनके भाई व भाभी की कोविड के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से रीना गोयल नाम की महिला मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। वहां पर करीब 50 लोग जमा हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की गई। पता चला कि रीना गोयल डीके मित्तल की रिश्तेदार नहीं है। 
एसओ धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि मौके पर जाकर देखा तो शिकायत सही पाई गई। वहां पर कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए 50 से ज्यादा लोग जमा थे। मामले में रीना गोयल, बेटे लव्य गोयल, ऋषभ गोयल और अनुज सैनी निवासी भगवानपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इन सभी को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया। इस मामले में किरकिरी होने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीना गोयल को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है।
यह जानकारी देते हुए पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की ओर से उनका निष्कासन पत्र जारी किया गया। विभिन्न माध्यमों से रीना ग़ोयल के खिलाफ मिली शिकायत एवं पार्टी की गरिमा के प्रतिकूल कार्यों की सूचना मिलने पर उनके खिलाफ कार्यवाही की गई है। उधर भाजपा नेत्री पर अनधिकृत रूप से भूमि पर कब्जा करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस में मुकदमा भी दर्ज हो चुका है। इस प्रकरण में भी सत्तारूढ़ पार्टी को असहज होना पड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here