टोक्यो पैरालंपिक : बैडमिंटन में कांस्य जीतने वाले मनोज को ग्राफिक एरा देगा 11 लाख

देहरादून। उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार द्वारा पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए ग्राफिक एरा विवि ने उन्हें 11 लाख रुपये देने की घोषणा की है। रुद्रपुर के मनोज सरकार को पैरालंपिक में कांस्य मैडल जीतने पर ग्राफिक एरा ने यह फैसला लिया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम के टोक्यो ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन पर वंदना कटारिया को 11 लाख रुपये देने के बाद ये दूसरा मौका है जब ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने टोक्यो में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी को यह सम्मान राशि देने का निर्णय किया है।
ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि वंदना कटारिया और मनोज सरकार ने पूरे विश्व में उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन किया है। हम सबको इन पर नाज है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक और पैरालंपिक में उत्तराखंड के युवाओं का ऐतिहासिक प्रदर्शन इसका गवाह है कि राज्य में प्रतिभाओं की  कमी नहीं है। युवाओं को खेलों का अच्छा प्रशिक्षण देकर उत्तराखंड को सबसे ज्यादा पदक जीतने वाला राज्य बनाया जा सकता है।
टोक्यो पैरालंपिक में उत्तराखंड के अर्जुन अवार्डी मनोज सरकार ने जापान के देयसुख को हराकर कांस्य पदक हासिल किया है। जिसके बाद से उनके घर-परिवार में जश्न और खुशी का माहौल है। उनके घर के बाहर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है। मैच जीतने के बाद बातचीत में मनोज सरकार अपनी मां को याद करके भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि आज अगर मां होती तो वह बेहद खुश होतीं। मनोज को जब राष्ट्रपति ने अर्जुन अवार्ड दिया था तब वह मां और कोच गौरव खन्ना के साथ राष्ट्रपति भवन गए थे। मां को जब उन्होंने अवार्ड थमाया तो वह भावुक हो गईं थीं।
उधर मनोज की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रमोद भगत को गोल्ड और मनोज सरकार को कांस्य मेडल जीतने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। पैरा ओलंपिक में भारतीय खिलाडियों के अभूतपूर्व प्रदर्शन से सम्पूर्ण देश गौरवान्वित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here