सीएम धामी की सुरक्षा में चूक मामला, तीन और कर्मचारी निलंबित

रामनगर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा में चूक मामले में वन विभाग ने कार्रवाई का दायरा बढ़ दिया है। अनफिट जिप्सी से सीएम धामी को जंगल सफारी कराने के मामले में अब तीन और कर्मचारियों को निलंबित किया है।
बता दें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छह जुलाई को पार्क के ढेला व झिरना जोन में जंगल सफारी की थी। इसके बाद सामने आया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में जिस जिप्सी से सीएम को जंगल सफारी कराई गई उसकी फिटनेस पांच साल पहले खत्म हो गई थी। उजागर होने पर मामले ने तूल पकड़ा तो जिप्सी चालक उमर को निलंबित कर दिया गया।
पीसीसीएफ रंजन मिश्रा ने मामले की जांच के बाद रिपोर्ट पीसीसीएफ (हॉफ) को सौंपी। इसमें वर्तमान और पूर्व में स्टोर कीपर रहे पंकज मेंदोलिया, इरशाद, गजेंद्र सिंह मेहरा की लापरवाही सामने आई। सीटीआर निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पीसीसीएफ (हॉफ) ने कार्रवाई करते हुए तीनों कर्मियों को निलंबित कर उन्हें अन्य वन प्रभागों में संबद्ध कर दिया है।








