
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां नया भोजपुर इलाके में एक सौतेली मां ने आठ साल की बेटी की हत्या कर उसके शव को जला दिया। इतना ही नहीं उसने शव जलाने के बाद उसे एक बक्से में छिपा दिया, ताकि किसी को पता न चल सके। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि पीड़िता की पहचान आंचल कुमारी के रूप में हुई है। शनिवार रात डुमरांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया भोजपुर इलाके में स्थित एक घर में लकड़ी के बक्से में छिपाकर रखे गए बोरे में उसके शव के अवशेष मिले हैं। पीड़िता के परिवार ने शनिवार को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत लड़की का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।
एसपी ने बताया, “पुलिस की टीम ने जब पीड़िता के घर की तलाशी ली तो उन्हें एक कमरे के अंदर लकड़ी के बक्से में छिपाकर बोरे में भरा जला हुआ शव मिला। प्रारंभिक जांच के दौरान पीड़िता की सौतेली मां ने अपराध करना कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि अपनी सौतेली बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर शव को आग लगा दी। इसके बाद में उसने शव को बोरे में भरकर लकड़ी के बक्से में छिपा दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की आरोपी महिला के इकबालिया बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता के शव के अवशेष को वैज्ञानिक जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। आरोपी ने अपराध करने का कारण नहीं बताया है। पीड़िता के पिता दिल्ली में रहते हैं। इस मामले की जांच जारी है।