दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बस, 13 की मौत, 25 घायल

मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई, और 25 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि, ये सभी पुणे में एक कार्यक्रम के लिए गए हुए थे और वहां से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया गया। एंबुलेंस की मदद से लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि घायलों को खोपोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल जेंडे ने बताया कि हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है।अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का एक दल और ट्रैकर का एक समूह बचाव अभियान में लगा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here