केदारघाटी मे बारिश के बीच भूस्खलन से हाईवे बंद, तीर्थयात्री फंसे

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। एक ओर जहां केदारनाथ धाम की यात्रा चरम पर चल रही है, वहीं केदारघाटी में लगातार बारिश होने के बाद हो रहे भूस्खलन ने यात्रियों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। केदारघाटी में बारिश होने के बाद केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। जिस कारण हाईवे पर घंटों जाम लग रहा है और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों केदारघाटी में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश जारी है। बारिश का सबसे बुरा असर केदारनाथ धाम की यात्रा पर पड़ रहा है। बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर बांसबाड़ा और चन्द्रापुरी डेंजर जोनों पर भूस्खलन हो रहा है। बांसबाड़ा में पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण हाईवे को खोलने में घंटों का समय लग रहा है। कई बार तो हाईवे की पहाड़ी बिना बारिश के ही दरक रही हैं। हाईवे पर हो रहे भूस्खलन के कारण केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों केदारनाथ धाम की यात्रा अपने चरम पर है। प्रत्येक दिन 13 से 14 हजार यात्री बाबा केदार के दर्शनों को जा रहे हैं, लेकिन रास्ते में हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो हाईवे को खोलने में दो से तीन घंटे लग जा रहे हैं। हालांकि एनएच की ओर से डेंजर जोनों पर मशीनें तैनात की गई हैं, लेकिन लगातार भूस्खलन होने से मशीनें भी कार्य नहीं कर पा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here