Republic Day: 942 कर्मियों को पुलिस मेडल से सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, 95 को वीरता पदक

0
1

नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने शनिवार को वीरता (गैलेंट्री) और सेवा पदक (सर्विस मेडल) के लिए 942 नामों की घोषणा की। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM) पाने वाले 101 लोग हैं। सराहनीय सेवा के लिए मेडल (MSM) पाने वाले 746 कर्मी हैं। कुल 95 लोगों को वीरता पदक दिया गया। इनमें 5 नाम ऐसे हैं जिन्हें मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि पुरस्कार पाने वालों में पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा कर्मचारियों के साथ ही सुधारात्मक सेवाओं में काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं।

वीरता पदक से सम्मानित होने वाले 28 कर्मी नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात

गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, वीरता पुरस्कार विजेताओं में से 28 कर्मी नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं। 28 जवान जम्मू कश्मीर क्षेत्र में और तीन पूर्वोत्तर क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं देश के अन्य हिस्से में सेवा दे रहे अन्य 36 कर्मचारियों को भी वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट सेवा (PSM) के लिए 101 राष्ट्रपति पदकों में से 85 पदक पुलिस कर्मियों को, पांच अग्निशमन सेवा कर्मियों को, सात नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड कर्मियों को और चार सुधारात्मक सेवा के कर्मचारियों को दिए जाएंगे।

746 सराहनीय सेवा पदक से किए जाएंगे सम्मानित

विशिष्ट सेवा पदकों के अलावा 746 सराहनीय सेवा पदक (MSM) भी दिए जाएंगे। इनमें से 634 पुलिस सेवा, 37 अग्निशमन सेवा, 39 नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड्स सेवा तथा 36 सुधारात्मक सेवा के कर्मचारियों को दिए जाएंगे। वीरता पदक, सेवा के दौरान वीरता के काम के लिए दिया जाता है, जिसमें जीवन और संपत्ति की रक्षा करना, अपराध को रोकना या अपराधियों को गिरफ्तार करना शामिल है। इसमें जोखिम का आकलन संबंधित अधिकारी के दायित्वों और कर्तव्यों के अनुसार किया जाता है। वहीं सेवा में विशेष काम के लिए ‘विशिष्ट सेवा का राष्ट्रपति पदक’ दिया जाता है। संसाधन और कर्तव्य के प्रति सराहनीय समर्पण के लिए ‘सराहनीय सेवा पदक’ से सम्मानित किया जाता है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.