कांग्रेस का घोषणापत्र : यूपी में 20 लाख सरकारी रोजगार और 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज

लखनऊ। आज बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यहां प्रदेश मुख्यालय में उन्नति विधान घोषणा पत्र जारी करेंगी। इससे पहले कांग्रेस महिलाओं को लेकर ‘शक्ति विधान’ और युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान’ घोषणा पत्र जारी कर चुकी है।
घोषणापत्र के लोकार्पण-कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह जनता की इच्छाओं का सम्मान-पत्र है। उन्होंने कहा कि घर में बैठकर नहीं बनाया गया है। लोगों के बीच जाकर इस घोषणा पत्र को तैयार किया है। इस मौके पर प्रियंका ने कहा कि दूसरी पार्टियों की तरह हमने नकल करके घोषणापत्र नहीं बनाया है। हमने जनता के बीच जाकर, उनकी इच्छाओं को जानकर यह बनाया है।
उन्होंने कहा कि जो सबसे बड़ा मुद्दा है, वह महंगाई का और रोजगार का मुद्दा है। इन समस्याओं को हमने एड्रेस किया है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने शपथ लेते ही तीन घंटों के अंदर कर्जमाफी की। उसी तरह से हम यूपी में भी यह करना चाहते हैं। 2500 में गेहूं और 400 रुपए गन्ना लिया जाएगा। बिजली बिल सबका साफ किया जाएगा। जिन लोगों पर कोरोना की सबसे अधिक मार पड़ी है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
20 लाख सरकारी रोजगार दिलवाएंगे। इसका पूरा खाका तैयार है। 12 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं, जिन्हें भाजपा सरकार ने नहीं भरा है। हम उसके साथ 8 लाख और रोजगार पैदा करेंगे।
प्रियंका ने कहा कि 10 लाख रुपए तक इलाज मुफ्त होगा। आवारा पशुओं की समस्या को सुलझाया जाएगा। 3000 रुपए का मुआवजा उनको, जिन्हें इसका नुकसान झेलना पड़ा है। बागपत के व्यापारी की फेसबुक लाइव आकर आत्महत्या करने की घटना का भी प्रियंका ने जिक्र किया और फिर छोटे-मंझोले व्यापारियों के लिए कांग्रेस की योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मृतक कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा मिलेगा। ब्लॉक स्तर पर इंटरनेट सुविधा से युक्त पुस्तकालय बनेंगे। 10वीं और 12वीं पास बेटियों को स्मार्ट फोन, स्कूटी दी जाएगी। गांव के तालाबों सहित जलाशयों का मानचित्रण और पंजीकरण किया जाएगा।सूक्ष्म और लघु उद्योग के लिए क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट के तहत गारंटी मुक्त लोन दिया जाएगा। आउट सोर्सिंग बंद और संविदा रोजगार को युक्तिसंगत बनाया जाएगा। स्कूलों में मिड-डे मील बनाने वाले रसोइयों को मानदेय 5000 दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने भाजपा के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा को अपने घोषणा पत्र का नाम धोखा पत्र रखना चाहिए। 70 सालों की रट लगाने वाली भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन। इसलिए कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को कॉपी-पेस्ट करके अपना काम चला रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here