किन्नौर : नेशनल हाईवे पर फिर दरका पहाड़, देखें वीडियो

किन्नौर। आज सोमवार सुबह शिमला से किन्नौर जाने वाले नेशनल हाईवे 5 पर अचानक पहाड़ दरक गया और भारी भूस्खलन से हाईवे पूरी तरह से ठप हो गया। शुक्र है कि किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना ज्यूरी के पास हुई है।
आज सुबह 9 बजे के करीब हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने देखा कि ज्यूरी के समीप पहाड़ से छोटे-छोटे पत्थर गिर रहे हैं। उन्होंने पीछे आ रहे लोगों को संदेश दे दिया और आगे सामने से वापस आ रहे वाहन चालकों को भी बता दिया। इससे जो वाहन जहां थे, वहीं रुक गए और हादसा टल गया।

इसके बाद बड़े-बड़े पत्थर पहाड़ से नीचे गिरना शुरू हो गए। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें भी लग गईं। लोगों ने इस घटना के वीडियो भी बनाए, जिसमें पहाड़ के भरभरा कर गिरने का पूरा दृश्य रिकॉर्ड हुआ है। वाहन चालकों ने ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को लैंडस्लाइड की सूचना दी। प्रशासन ने तुरंत मौके पर मशीनों को भेज दिया। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और दूर तक जाम की स्थिति है।
उल्लेखनीय है कि नेशनल हाईवे-5 एकमात्र ऐसा हाईवे है, जिससे किन्नौर जुड़ता है। अगर यह हाईवे बंद हो जाए तो किन्नौर का संपर्क सड़क मार्ग से बाकी के हिमाचल से पूरी तरह से कट जाता है। हाईवे पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे हाईवे से आने-जाने वाले लोगों में डर पैदा हो गया है कि पता नहीं कब ऊपर से पत्थर आकर गिर जाए।
गौरतलब है कि पिछले महीने 11 अगस्त को किन्नौर जाते हुए निगुलसेरी में लैंडस्लाइड हुआ था। यहां पर एचआरटीसी बस समेत चार अन्य वाहन मलबे में दब गए थे और 28 लोगों की मौत हो गई थी। 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here