त्योहार से पहले पब्लिक को फिर मिला महंगाई का ‘तोहफा’!

  • घरेलू गैस सिलेंडर 15 रुपए हुआ महंगा, पेट्रोल के दाम 30 पैसे और डीजल के 35 पैसे प्रति लीटर बढ़े

नई दिल्ली। त्योहारों से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत फिर बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए हैं।
इस बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 899.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा। तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए थे।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। दिल्ली में आज बुधवार को पेट्रोल के दाम में 30 पैसे और डीजल के दाम में 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद यहां पेट्रोल 102.94 और डीजल 91.42 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने 5वीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है।
सीएनजी-पीएनजी की भी बढ़ी कीमत : नेचुरल गैस के दाम बढ़ने से सीएनजी, पीएनजी और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा हुआ है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के भाव 2.55 रुपए प्रति किलो तक बढ़ाए हैं। वहीं पीएनजी की कीमत में 2.10 रुपए प्रति घन मीटर का इजाफा किया है।
इस वर्ष पेट्रोल 19.03 और डीजल 17.36 रुपए हुआ महंगा : इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 रुपए प्रति लीटर था। अब यह 102.94 और 91.42 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 9 महीने से भी कम में पेट्रोल 19.03 और डीजल 17.36 रुपए तक महंगा हुआ है।
26 राज्यों में पेट्रोल और 6 राज्यों में डीजल 100 के पार : अब तक 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना और राजस्थान में कई जगहों पर डीजल अभी भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here