अब दिल्ली वाले भीषण लू के लिए हो जाएं तैयार!

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बीते मंगलवार को इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आज बुधवार से अगले तीन दिनों तक भीषण लू चलेगी और इसमें हफ्ते भर तक राहत की उम्मीद नहीं है। तापमान अभी और बढ़ेगा और बुधवार को यह 40 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मार्च में कम बारिश के कारण इतनी ज्यादा गर्मी पड़ी है। दिल्ली में मार्च के महीने में आमतौर पर औसतन 15.9 मिमी वर्षा होती है। पिछले साल 30 मार्च को तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक था।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक राजेंद्र जेना मीणा के मुताबिक दिल्ली के कुछ इलाके मंगलवार को भी गंभीर लू की चपेट में रहे। सफदरजंग स्थित आधिकारिक तापमान सूचकांक वेधशाला में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से सात डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक ज्यादा 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि आर्द्रता का स्तर 79 फीसद से 14 फीसद के बीच रहा। मैदानों में जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है और सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा होता है, तब लू की घोषणा की जाती है।
दिल्ली का बाहरी इलाका नरेला 41.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, पीतमपुरा में 41.4, लोदी गार्डन में 40.1, रिज में 40.2, गुरुग्राम में 40.8 व फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रहा।
देशभर के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल महीने के शुरू होने से पहले ही पारा चढ़ने, लू चलने के पूरे आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले पांच दिनों में पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों में मध्यम से हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के साथ असम-मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च से 01 अप्रैल तक वर्षा का अनुमान है। दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू डिवीजन में अलग-अलग क्षेत्रों में 29 से 30 मार्च तक लू की स्थिति रह सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here