देहरादून: स्विमिंग कोच ने छात्रा से की छेड़छाड़, कोर्ट ने सुनाई 5 साल की सजा

0
1

देहरादून।अपर जिला एवं सेशन जज फास्ट ट्रेक कोर्ट (पोक्सो) रजनी शुक्ला की अदालत ने नौवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ करने के मामले में दोषी स्वीमिंग टीचर को पांच वर्ष कारावास की सजा सुनाई है।इसके अलावा 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।

जानकारी के अनुसार पंजाब की एक महिला ने 12 दिसंबर 2018 को एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी राजपुर स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी कोच पहले से छात्रा से अजीब बातें करके छेड़खानी करता था। उसने एक बार छात्रा को टाइट टी शर्ट पहने को कहा तो एक बार हाथ पकड़ कर गंदी बात की गई।

टीचर साथ में फिल्म देखने का बनाता था दबाव: उसके बाद एक दिन साथ में फिल्म देखने का दबाव बनाने लगा। उसकी हरकतों की वजह से छात्रा परेशान में रहने लगी और उसकी पढ़ाई पर असर पड़ने लगा। महिला की शिकायत के आधार पर स्विमिंग कोच के खिलाफ थाना राजपुर में 13 दिसंबर 2018 को मुकदमा दर्ज करने के बाद 15 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

छात्रा ने बताई अपनी आपबीती: छात्रा ने अदालत में बयान दिया कि वह पंजाब से आई थी। ऐसे में हिंदी की अतिरिक्त क्लास लेती थी। आरोपी उस पर दबाव बना रहा था कि वह गेम्स में भी हिस्सा ले, क्योंकि पढ़ाई के साथ-साथ गेम्स जरूरी है। छात्रा का भाई भी इसी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। नवंबर 2018 में जब सभी अध्यापक मीटिंग में थे तो तब आरोपी की एडजस्टमेंट की क्लास में थी।

स्विमिंग टीचर छात्रा से करता था गंदी बात: आरोपी ने उसकी क्लास में उसके भाई को अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा कि वह शाम को फिल्म देखने जाएंगे। उसने शाम को आरोपी को फोन किया कि वह फिल्म देखने नहीं जा सकते। ठंड के कारण उसकी आवाज में कंपकंपी थी। उसके बाद आरोपी ने उससे गलत बात कही। कुछ दिन बाद आरोपी ने उसका हाथ पकड़ते हुए कहा कि मेरे साथ चलो। उसके बाद आरोपी ने कई बार उसके कपड़ों के बारे में भी गलत बातें कहीं।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता किशोर कुमार ने बताया है कि अदालत ने पीड़ित को प्रतिकर के रूप में एक लाख रुपये दिलाने के आदेश दिए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने केस में बार-बार अपने बयान बदले। इस मामले में अदालत ने स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ अलग से केस चलाने के लिए 15 दिसंबर के लिए समन जारी करने के आदेश जारी किए हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.