देहरादून: 38वें राष्ट्रीय खेल में 38 खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन: रेखा आर्या

देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38 वें राष्ट्रीय खेलों में 38 खेल स्पर्धाओं को शामिल करने के यथासंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। प्रदेश में राष्ट्रीय खेल 2024 में हो सकते हैं, जिसमें 38 खेल विधाओं को शामिल किया जाएगा। राष्ट्रीय खेलों के संबंध में सचिवालय में विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए खेल मंत्री आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय खेल अक्तूबर एवं नवम्बर 2024 में आयोजित किए जा सकते हैं।
प्रतियोगिताओं का आयोजन दो मुख्य खेल हब जैसे देहरादून एवं हल्द्वानी के साथ ही पांच अन्य शहरों में भी किया जाएगा। इसमें लगभग 10 हजार खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। खेलों के आयोजन के लिए विभिन्न कार्यों जैसे अवस्थापना, मेडिकल, एन्टी डोपिंग, सुरक्षा, आवास, ट्रांसपोर्ट, एक्रीडिटेशन एवं वॉलेन्टियर से जुड़े माइक्रो प्लान तैयार कर लिए गए हैं। अवस्थापना संबंधी निर्माण कार्य, जो गतिमान हैं उनके जुलाई 2023 तक पूरा होने की संभावना है। उन्होंने खिलाडिय़ों की आवासीय व्यवस्था के लिए गुजरात में आयोजित खेलों के अनुरूप ही होटल आदि का सर्वेक्षण कर स्तरीय आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में 38 स्पर्धाएं शामिल करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ से वार्ता कर ली जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठक की जानी है। इसके लिए बजटीय मांगों के साथ ही इसका विस्तृत प्रस्तुतिकरण तैयार कर लिया जाए।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार, अपर सचिव व निदेशक खेल जितेंद्र कुमार सोनकर, उपसचिव खेल धीरेंद्र कुमार, संयुक्त निर्देशक धर्मेंद्र भट्ट के अलावा एसके सार्की व उपनिदेशक अजय अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here