देहरादून : प्रेस वार्ता में विधायक जी ने सुनाई रामकथा!

देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आए फरीदाबाद के पार्टी विधायक पंडित विजय नीरज शर्मा की पत्रकार वार्ता प्रदेश कांग्रेस ने यह सोचकर बुलाई थी कि वह प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की तीखी आलोचना करेंगे और दिल्ली से लेकर यूपी और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ हमला बोलेंगे, लेकिन पार्टी विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस में आए पत्रकारों को रामकथा सुना डाली। इससे विधायक की प्रेस वार्ता कराने वाले कांग्रेस नेता भी हैरान-परेशान दिखे।कांग्रेस भवन में हुई इस प्रेस वार्ता के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत सूत्रधार थे। कांग्रेस विधायक की पत्रकार वार्ता को कवर करने के लिए मीडिया कर्मी भी यह सोचकर पहुंचे कि विजय नीरज शर्मा भाजपा और उसकी सरकारों पर तीखा प्रहार करने जा रहे हैं, लेकिन जब वार्ता शुरू हुई तो उन्होंने राम कथा सुनानी शुरू कर दी।
उन्होंने रामायण के कुछ प्रसंग सुना डाले। जब उनसे पूछा गया कि उनका वार्ता करने का मुख्य उद्देश्य क्या है तो उन्होंने कहा, ‘मैं किसी पर भी प्रहार नहीं करता हूं। जहां भी जाता हूं, कांग्रेस के दफ्तर में जरूर जाता हूं। मेरी रामकथा अगर पसंद आई तो बहुत अच्छी बात है, दोबारा बुला लेना। नहीं पसंद आई तो तुलसीदास लिखकर गए हैं, जाकी रही भावना जैसी।’
उन्होंने कहा कि वह सतपाल महाराज से मुलाकात करके आए हैं, क्योंकि वह संत हैं। भाजपा सरकार पर उन्होंने सिर्फ यही तंज किया कि बार-बार मुख्यमंत्री बदलने से राज्य का भला नहीं होगा। इनको सद्बुद्धि आए। अंगद के पांव की तरह मजबूत सरकार सिर्फ कांग्रेस ही दे सकती है। उनकी इस प्रेस वार्ता चर्चाओं में बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here