दो कॉरिडोर और एक सेमी सर्किल पर दौड़ेगा दून का ट्रैफिक!

देहरादून। शहर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए आरटीओ ने ट्रैफिक का मास्टर प्लान तैयार किया है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि यह प्लान लागू हुआ तो शहरवासियों को जाम से छुटकारा मिलेगा। इसके तहत, इसमें शहर के ट्रैफिक को दो कॉरिडोर और एक सेमी सर्किल में बांटा गया है।
कॉरिडोर पर ई-बसें चलेंगी और सेमी सर्किल पर छोटी ई-बसें या सीएनजी बसों का संचालन होगा। हर 10 मिनट में मिलने वाली इन बसों तक पहुंचने के लिए राजधानी के 18 रूटों पर ई-रिक्शा और मैजिक का संचालन किया जाएगा। धीरे-धीरे शहर में चलने वाले 10 साल पुराने डीजल के ऑटो, सिटी बसें और विक्रम बाहर हो जाएंगे। परिवहन विभाग के अफसरों की ओर से तैयार इस प्लान को मुख्य सचिव एसएस संधू की बैठक में भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य मुख्य सचिव ने इस पर अमल करने के आदेश दिए हैं।
बैठक में बताया गया कि पूर्व-पश्चिमी कॉरिडोर – झाझरा से लेकर रायपुर तक और उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर – कुठाल गेट मसूरी से लेकर क्लेमेंट टाउन तक होगा। जबकि सेमी सर्कल आईएसबीटी से शुरू होकर हरिद्वार बाईपास, रिस्पना पुल, जोगीवाला, रिंग रोड, रायपुर, कृषाली चौक होते हुए गढ़ी कैंट सप्लाई डिपो से बल्लूपुर चौक तक होगा।
तीनों कॉरिडोर के रूटों पर स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। यात्रियों को प्रीपेड कार्ड जारी किए जाएंगे जो एक माह के लिए वैध होंगे। टोकन व्यवस्था लागू होगी। यात्रियों को प्रतिदिन किराया देने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। कुठाल गेट, रायपुर, झाझरा और क्लेमेंट टाउन में स्मार्ट पार्किंग जोन बनाए जाएंगे। दून के हर कोने से शहरियों को गाड़ियां मिलेंगी।  मास्टर प्लान लागू होने पर बेहद सस्ते किराये में सफर की सुविधा मिलेगी।
आरटीओ (प्रशासन) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि शहर में जाम की समस्या से निजात के साथ ही लोगों को चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़ की तर्ज पर सार्वजनिक यातायात की सुविधा मिले, इसके लिए देहरादून का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मास्टर प्लान धरातल पर उतरा तो न सिर्फ लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए अच्छी सुविधा मिलेगी बल्कि दून की सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here