उत्तराखंड : नए साल पर बर्खास्त कर्मचारियों का अनोखा प्रदर्शन, गले में फांसी का फंदा डालकर जताया विरोध

देहरादून: उत्‍तराखंड विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारियों का विधानसभा के बाहर लगातार धरना प्रदर्शन जारी है। आज नए साल पर भी बर्खास्त कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा। लेकिन इस बार कर्मचारियों ने विधानसभा के बाहर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। बता दें कि इस बार कर्मचारियों ने गले में फांसी का फंदा डालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

ऐसे में कर्मचारियों का कहना है कि अगर उन्हें न्याय न मिला तो वे आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे।जिसकी जिम्मेदारी विधानसभा अध्यक्ष एवं सरकार की होगी। वहीँ शनिवार को भी कर्मचारियों ने राष्ट्रपति को सामूहिक हस्ताक्षर युक्त पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। बता दें कि बीते साल अगस्त महीने में घोटाले को लेकर सियासत गरमाई। सोशल मीडिया पर बैकडोर से भर्ती पर लगे कर्मचारियों और उनकी सिफारिश करने वाले नेताओं के नाम वायरल हुए। सरकार, भाजपा और आरएसएस के नेताओं पर सवाल उठे।

गौरतलब है कि विधानसभा में बैकडोर से भर्तियां करने पर सवाल उठने पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने 23 सितंबर 2022 को तत्काल प्रभाव से 2016 से 2021 तक की गईं कुल 228 नियुक्तियां को रद्द कर कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद से ही बर्खास्त कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here