हरदा की नाराज़गी के बीच कांग्रेस हाईकमान का वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलावा

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत के ट्वीट से प्रदेश कांग्रेस में मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड के सभी वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है। हरदा ने अपने ट्वीट में अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस आलाकमान के रवैये से नाराजगी जाहिर की है। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान हरदा की नाराजगी को दूर कर पार्टी को एकजुट करने की कोशिश करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह आज शाम तक दिल्ली  पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक कल शुक्रवार को इस मामले पर हाईकमान के साथ बैठक होगी। राहुल गांधी के साथ भी बैठक हो सकती है।

यह भी पढ़ें: …तो बगावत के मूड में हैं हरदा!

दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया में एक पोस्ट कर अपनी ही पार्टी को निशाने पर लेते हुए धमकी दे डाली कि इसी तरह का रुख रहा तो वह राजनीति से संन्यास भी ले सकते हैं। इसके बाद से ही कांग्रेस में हलचल मच गई। इस सियासी तूफान के बीच प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा को कांग्रेस की गुटबाजी पर तंज करने का बहाना मिल गया। हरीश रावत के ट्वीट पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस भी पंजाब कांग्रेस की राह पर है। उत्तराखंड कांग्रेस में भी कोई कैप्टन अमरेंद्र सिंह पैदा हो सकता है। हरीश रावत जैसा करना चाहते हैं, उनका केंद्रीय नेतृत्व उनको वैसा नहीं करने देना चाहता। उनका दर्द यह है कि दो दिन पहले उनके प्रभारी ने कहा कि हम राहुल गांधी को नेता मानते हैं। हालांकि, भाजपा इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला जरूर बता रही है, लेकिन अब वह कांग्रेस को और मजबूती से घेरने की रणनीति बनाने में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here