देहरादून: घर में घुसकर नाबालिग की मांग में जबरन सिंदूर भरकर उठाने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून/विकासनगर। देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में दूसरे समुदाय के युवक ने पड़ोसी के घर में खेल रही नाबालिग छात्रा की मांग भर दी। आरोप है कि युवक ने छात्रा को जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया। उसके साथ छेड़खानी भी की। छात्रा के चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, डाकपत्थर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे। उनका बेटा रात की ड्यूटी खत्म करने के बाद घर पर सोया हुआ था। उनकी नाबालिग बेटी पड़ोस के घर गई थी। इसी दौरान आकिब निवासी बरोटीवाला पड़ोसी के घर जहां नाबालिग थी, वहां घुस गया। उसने फिल्मी स्टाइल में नाबालिग की मांग में जबरन सिंदूर भर दिया। उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगा।
आरोप है कि नाबालिग के विरोध करने पर आकिब ने उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़खानी की। नाबालिग के चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी नाबालिग लड़की के परिजनों के साथ ही पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वहीं नाबालिग की मां ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आज उसे कोर्ट में पेश किया।
विकासनगर के कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक नाबालिग लड़की के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप आकिब को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लड़की की उम्र 15 साल है। उसकी मां ने तहरीर दी है। पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आकिब को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।








