हिमालयी क्षेत्र में बर्फीले तूफान से पारा धड़ाम!

  • तापमान के शून्य से नीचे पहुंचने पर खून जमाने वाली सर्दी ने किया बेहाल

देहरादून। उत्तराखंड में शीतलहर का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पारा लगातार गिर रहा है और बर्फीली हवाएं हाड़ कंपा रही है। वहीं आज शनिवार को दून समेत आसपास के इलाकों में धूप खिली रही, लेकिन सुबह के वक्त यहां खासी ठंड रही। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी में सुबह कोहरा छाया रहा। बाद में धूप खिली, लेकिन कड़ाके कीसर्दी से लोग परेशान रहे।
चमोली जिले के गोपेश्वर में आज शनिवार सुबह तापमान चार डिग्री रहा। जोशीमठ में दो डिग्री रहा। बदरीनाथ धाम में तापमान माइनस छह डिग्री, हेमकुंड में माइनस 13 डिग्री, सतोपंथ में माइनस 14 डिग्री, घाट विकास खंड के रामणी गांव में माइनस एक डिग्री, पोखरी के मोहनखाल क्षेत्र में एक डिग्री, लोहाजंग में एक डिग्री और पाणा-ईराणी माइनस दो डिग्री तापमान रहा।
रुद्रप्रयाग जिले में आज मौसम सुहावना रहा। यहां धूप खिली हुई है। जनपद में केदारनाथ के अलावा अन्य जगहों पर तापमान सामान्य है। टिहरी जिले सुबह से धूप खिली है। बड़कोट यमुनोत्री घाटी में सुबह से चटख धूप खिली हुई है। रुद्रपुर तराई में आज फिर लोग कोहरे से ठिठुरते रहे। तराई में कोहरे का प्रकोप जारी है। रुद्रपुर में घने कोहरे से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। बीते शुक्रवार को धूप ने लोगों को ठंड से हल्की राहत दी थी, लेकिन आज शनिवार की सुबह घने कोहरे ने सफेद चादर ओढ़ ली।
पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने कहा कि आज शनिवार को सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा और कड़ाके की ठंड रहेगी। उधर राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदलेगा और पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक और दो जनवरी को बारिश होने के साथ ही 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
गौरतलब है कि हिमालयी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के से दोपहर तक बर्फीला तूफान आया। बर्फीले तूफान और रात को पड़ रहे पाले ठंड में काफी इजाफा हो गया है। मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान माइनस छह डिग्री पहुंच गया, जबकि पिथौरागढ़ का न्यूनतम तापमान माइनस दे डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट से मुनस्यारी में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो जा रही हैं। शुक्रवार तड़के चार बजे से पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, मिलम, रालम, छिपलाकेदार, नंदा देवी बेस कैंप, हीरामणि, नामिक ग्लेशियर के साथ ही हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न इलाके बर्फीले तूफान की चपेट में रहे। मुनस्यारी नगर से पंचाचूली, हंसलिंग आदि चोटियों पर बर्फ उड़ते देखी गई। दोपहर करीब एक बजे जाकर बर्फीला तूफान थमने का समाचार है, लेकिन उसका असर आज शनिवार को भी देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here