नहीं थमा नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का बवाल, धरने पर कांग्रेस

हल्द्वानी। नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी पुलिस बहुउद्देशीय भवन के परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस को गुंडा बताया गया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और पुलिस प्रशासन गंभीर मामलों में भी ठोस कदम उठाने में नाकाम साबित हो रहा है। यशपाल आर्य ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरना स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि प्रदर्शन के चलते पूरे परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में हुई घटनाओं को लेकर उनका आंदोलन यहीं खत्म नहीं होगा और पुलिस प्रशासन को जवाबदेह बनाने तक संघर्ष जारी रहेगा।








