यूपी: टहलने निकले थे चौकी इंचार्ज, झाड़ियों में खून से लथपथ मिला शव, मचा हड़कंप..

0
2

उत्तर प्रदेश के जिला कासगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कछला पुलिस चौकी के प्रभारी प्रहलाद सिंह मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। लेकिन देर तक वापस न लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू हुई। कुछ घंटों बाद उनका शव हाईवे किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। यह वारदात बरेली-मथुरा हाईवे पर स्थित बंदा पुलिया के पास की है।

मूल रूप से मथुरा जिले के छाता थाना क्षेत्र के गांव नरी निवासी 56 वर्षीय प्रहलाद सिंह वर्तमान में कासगंज जिले की कछला चौकी` के प्रभारी पद पर तैनात थे। मंगलवार की सुबह लगभग 5:30 बजे वह रोज की तरह अपने पालतू कुत्ते के साथ टहलने के लिए निकले थे। इस बीच किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि चौकी इंचार्ज हाईवे किनारे झाड़ियों में जा गिरे। उनकी चीखें सुनकर हाईवे किनारे एक मकान के लोग बाहर भी निकले, लेकिन कोई नजर न आने पर वे लोग लौट गए।

उधर, काफी देर बाद भी जब चौकी इंचार्ज अपने कमरे पर नहीं लौटे और उनका कुत्ता अकेला वापस चौकी आ गया। तो उनके सहयोगी पुलिसकर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई। खोजबीन के दौरान पुलिसकर्मियों को गोला कुआं और कछला चौकी के बीच झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। सिर पर गहरी चोट के निशान थे।

हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों को हादसे की सूचना दी जिस पर परिवार के लोग रोते-बिलखते पहुंच गए। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी। एसएसपी ने कांधा देकर उनके शव को परिजनों के साथ गांव के लिए रवाना किया गया।

एसपी अंकित शर्मा ने बताया कि उप निरीक्षक की पत्नी का निधन पांच वर्ष पूर्व हो चुका है। उनके दो बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा लोकेश राजस्थान में एक हेल्थ कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा लोकेंद्र हाल ही में मथुरा से नोएडा स्थानांतरित हुआ है और जल अभियंता के पद पर कार्यरत है। बेटी ललतेश अलीगढ़ में निवास करती हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.