ऋषिकेश: लॉज में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में एक लॉज के कमरे से एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार यात्रा बस अड्डा स्थित एक लॉज के कर्मचारियों ने सूचना दी की लॉज के एक कमरे में युवक संदिग्ध अवस्था में बेहोश पड़ा है। जिसके मुंह से झाग निकल रहा है। युवक को आनन-फानन में राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आकाश (30 वर्ष) निवासी हाथीबड़कला देहरादून के रूप में हुई है। मृतक का परिवार मूल रूप से ठाकुरद्वारा मुरादाबाद का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने आत्महत्या की है। पुलिस ने कहा कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चल पाएगा। वहीं पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी और सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








