लोकसभा चुनाव 2024 : कांग्रेस ने जारी की दूसरी लिस्ट, उत्तराखंड की तीन सीटों पर इन नामों पर लगी मुहर

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। इसमें चार राज्यों के 43 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। इस सूची में 10 सामान्य, 13 ओबीसी, 10 एससी, 9 एसटी और एक मुस्लिम उम्मीदवार हैं। कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में इस सूची पर मुहर लगाई गई। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य सदस्य शामिल हुए थे।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि हमने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही घोषित कर दी है। आज हम दूसरी सूची की घोषणा करने जा रहे हैं। कल सीईसी ने बैठक की और असम, मध्य प्रदेश, राजस्थान से लगभग 43 नामों की सूची को मंजूरी दे दी। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई असम के जोरहाट से चुनाव लड़ेंगे। नकुल नाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। राहुल कासवा राजस्थान के चुरू से चुनाव लड़ेंगे। वैभव गहलोत जालौर से चुनाव लड़ेंगे। जारी लिस्ट के अनुसार गढ़वाल संसदीय सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, टिहरी सीट से पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला और अल्मोड़ा सीट से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा को प्रत्याशी बनाया गया है।

इससे पहले सीईसी की पहली बैठक सात मार्च को हुई थी और आठ मार्च को 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों के लिए नामों का एलान हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here