Uttarakhand Weather : पहाड़ों में पाला, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के आसार, IMD ने किया अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी जनपदों तक तेज धूप खिल रही है। चटक धूप खिलने की वजह से दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है लेकिन न्यूनतम तापमान में कमी आने से रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
मंगलवार को सुबह से ही दून समेत आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप खिली रही। जिससे दिन में ठंड से राहत रही। हालांकि, सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। शाम को ठंडी हवाएं कंपकंपी बढ़ा रही हैं। दून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। ज्यादातर क्षेत्रों में रात को पारे में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 25.1 और न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 19.3 और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 19.0 और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय पारा सामान्य या उससे अधिक बना हुआ है। जबकि ज्यादातर क्षेत्रों में रात के समय पारे में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
दिन और रात के तापमान में अंतर 4 गुना से अधिक पहुंच गया है। जो लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहा है। प्रदेश में आज भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने से दुश्वारियां बढ़ सकती हैं।








