उत्तराखंड: इन जिलों में आज बारिश और बर्फबारी के आसार, शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी

0
15

देहरादून।उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक हाड़कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है। जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय जिलों में सुबह कोहरा तो दिन में धूप खिल रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की चादर बिछ रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में भीषण शीत दिवस रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। जबकि 3500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अंदेशा जताया गया है। प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि नए साल के मौके पर बारिश-बर्फबारी का तोहफा मिलने के आसार हैं। 30 व 31 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

Enews24x7 Team

Comments are closed.