UKSSSC: पांच अक्टूबर को रद्द परीक्षा अब इस दिन होगी, जानिए नया एग्जाम डेट

0
1

देहरादून।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की बहुप्रतीक्षित सहकारी निरीक्षक और सहायक विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा जिसे पेपर लीक विवाद के चलते स्थगित करना पड़ा था अब 16 नवंबर को कराई जाएगी।

दरअसल, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 5 अक्टूबर को स्थगित की गई परीक्षा के लिए अब नई तारीख जारी कर दी है। आयोग ने स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद हुए विवाद के चलते 5 अक्टूबर की परीक्षा को स्थगित कर दिया था, लेकिन अब प्रतियोगी परीक्षा में आयोग ने देरी न करते हुए अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की नई तारीख जारी की है।

राज्य में सहकारी निरीक्षक वर्ग 2 और सहायक विकास अधिकारी के पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसके लिए पहले 5 अक्टूबर की तारीख परीक्षा के लिए भी तय कर दी गई थी। खास बात ये है कि इस परीक्षा कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद दोबारा परीक्षा की तारीख को लेकर अभ्यर्थी इंतजार में थे, लेकिन उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बिना देरी किए 45 पदों के लिए होने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा की नई तारीख 16 नवंबर 2025 निर्धारित कर दी है।

आयोग के सचिव डॉ.शिव कुमार बरनवाल ने बताया जल्द ही इसके एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। इस परीक्षा के लिए केंद्रों का दोबारा निर्धारण किया जाएगा। केवल सरकारी शिक्षण संस्थानों को ही प्राथमिकता पर परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय से लेकर सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थान तक शामिल हैं। खास बात यह है कि इन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम करेगी। परीक्षा केंद्रों पर ही पूरी चेकिंग से लेकर बायोमीट्रिक हाजिरी तक की प्रक्रिया होगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.