उत्तराखंड में बढ़ रहे कोरोना के मामले, मिले दो नए मरीज…

देहरादून।कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में कोरोना के दो नए मरीज सामने आए हैं। दोनों संक्रमित देहरादून के निवासी हैं और उन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। इनमें 78 स्थानीय और 15 बाहरी (माइग्रेंट) मामले शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर संक्रमित पाए गए 78 मरीजों में से 76 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। सभी जिला चिकित्सालयों और स्वास्थ्य इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं डेंगू का प्रकोप भी कम नहीं हो रहा है। सोमवार को जिले में डेंगू के तीन नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इन सभी को श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक जिले में डेंगू के कुल 146 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 76 मरीज देहरादून के निवासी हैं और 70 अन्य जिलों से इलाज के लिए आए थे।
फिलहाल डेंगू के दस सक्रिय मामले हैं। इनमें छह मरीज श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल, दो हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट, एक ग्राफिक एरा और एक होम आइसोलेशन में है।








