उत्तराखंड पंचायत चुनाव: महिला सिपाही रोकेंगी शराब तस्करी, आबकारी की ‘स्पेशल-98’ फोर्स तैनात

देहरादून।उत्तराखंड में इन दिनों पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं, इस दौरान अवैध शराब की तस्करी में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आबकारी विभाग ने ‘स्पेशल-98’ की फोर्स को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। इस ‘स्पेशल-98’ में प्रदेश की नौजवान महिलाएं शामिल हैं।
राज्य में पंचायत चुनाव के बीच अवैध शराब की तस्करी बढ़ने की आशंका को देखते हुए नवनियुक्त महिला कर्मियों को सभी संवेदनशील चेक पोस्ट पर तैनात किया है। ऐसा पहली बार है, जब विभाग में इतनी बड़ी संख्या में एक साथ महिला कर्मियों की नियुक्ति हुई है। विशेष बात यह भी है कि सिपाही पद पर 97 सिपाहियों का चयन हुआ है, उनमें सिर्फ 13 युवक हैं, बाकी 84 पदों पर युवतियों ने बाजी मारी है। इनके अलावा 14 महिला उप निरीक्षक का चयन हुआ है।
अवैध शराब का धंधा करने वालों की नकेल कसने में मिलेगी बड़ी मदद
इससे पहले तक विभाग के पास उप निरीक्षक व सिपाही पद पर सिर्फ 35 महिला कर्मी थीं। अब उन्हें मिलाकर महिला बेड़ा 130 के आसपास हो गया। नई नियुक्तियों से आबकारी विभाग नारी शक्ति से लैस है। विभाग को उम्मीद है कि इनके जरिये अवैध शराब का धंधा करने वालों की नकेल कसने में बड़ी मदद मिलेगी।
विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े मामलों में तलाशी अभियान और पूछताछ बेहतर ढंग से हो पाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब से पहले दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में महिला सिपाहियों को भेजने से गुरेज किया जाता था, लेकिन नई नियुक्तियों के बाद दुर्गम क्षेत्रों में भी महिला सिपाहियों को तैनात किया गया है।
अवैध शराब का धंधे करती महिलायें भी निशाने पर
आबकारी विभाग की महिला आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि वे इन सभी युवतियों को नई उम्र में जोश से भरी हुई मानती हैं। उन्होंने उस बैरियर को तोड़ दिया है जिसमें यह माना जाता था कि आबकारी में महिलाओं का कोई स्थान नहीं है। इन सभी नई महिला उप निरीक्षक और सिपाहियों को प्रारंभ में प्रवर्तन कार्यों के तहत चेक पोस्ट पर तैनात किया गया है। इन महिलाओं की प्रारंभिक पोस्टिंग के कारण यह सुनिश्चित किया गया है कि उनकी ड्यूटी का स्थान घर से बहुत दूर न हो। उत्तराखंड में अवैध शराब के धंधे में कई महिला अभियुक्त भी पकड़ी जा रही हैं, ऐसे में इन महिला कर्मियों की नियुक्ति से सूचना तंत्र में भी सुधार होने की नई उम्मीद जगी है।








