
देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में फिर तेज दौर की बारिश है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिले में स्कूलों की आज छुट्टी की गई है। देहरादून डीएम ने छुट्टी का आदेश दिया है। देहरादून में आज बारिश हो रही है। चमोली जिले में भी बारिश हो रही है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 26 जुलाई तक का मौसम का अलर्ट जारी किया है। 22 से 26 जुलाई तक उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश का अनुमान है।
प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से 47 सड़कें बंद हो गईं। इसमें से 20 सड़कों को खोल दिया गया है, जबकि 27 सड़कें अब भी बंद हैं। बंद सड़कों में से 24 ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक रुद्रप्रयाग जिले में चार ग्रामीण सड़कें बंद हैं।
जबकि चमोली में छह, टिहरी में एक, उत्तरकाशी में चार, पिथौरागढ़ में छह, बागेश्वर में दो और देहरादून जिले में चार ग्रामीण सड़कें बंद हैं। बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चंपावत और पौड़ी गढ़वाल जिले में सभी मार्ग यातायात के लिए सुचारु हैं।
राजधानी देहरादून का तापमान बारिश के कारण नीचे आया है। यहां का अधिकतम तापमान 26° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24° सेल्सियस है। हरिद्वार में भी तापमान 30 से नीचे आ गया है। यहां का अधिकतम तापमान 28° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26° सेल्सियस है।








