देहरादून में बारिश का कहर, अब तक 13 लोगों के शव बरामद, कई लापता

0
2

देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार रात हुई मूसलधार वर्षा ने तबाही मचा दी। सहस्रधारा के पास कारलीगढ़ में अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। मालदेवता क्षेत्र में नदी के उफान से सड़क, पुश्ते और पुल बह गए, जबकि रिस्पना और बिंदाल नदी का जलस्तर बढ़ने से कई कालोनियां जलमग्न हो गईं। घरों में मलबा घुस गया। कई दुकानें और होटल भी बह गए।

देहरादून पुलिस-प्रशासन के अनुसार रात से लेकर भी बाढ़ और बारिश में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनके शव पुलिस ने बरामद किए है। ये आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। क्योंकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे है। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को टोंस नदी के बीच में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार कई मजदूर फंस गए थे। सभी मजदूर पानी के तेज बहाव में बह गए थे। इस हादसे में पुलिस को अभी तक आठ लोगों के शव मिले है। मरने वालों में चार महिलाएं और चार पुरुष है। इसके अलावा भी अलग-अलग क्षेत्रों पांच लोग के शव बरामद हुए हैं।

वहीं DIT कॉलेज के पास दीवार गिरने से छात्र के लापता होने की सूचना थी। जिसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। एसडीआरएफ को छात्र का शव मिल चुका है। इसके बाद सहस्त्रधारा में तीन लोगों के बहाने की सूचना थी, जिनके शव भी मिल गए है। वहीं एक मजदूर की मौत बारिश के कारण मसूरी में भी हुई है।

बता दें कि बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान मालदेवता और सहस्त्रधारा क्षेत्र में हुआ। यहां पर नदियों ने भयंकर तबाही मचाई है। इसके अलावा शहर के बीचों-बीच से बहने वाली रिस्पना और बिंदाल नदी भी उफान पर है। नदी के आसपास बने घर खतरे की जद में है। बारिश के कारण देहरादून-हरिद्वार हाईवे भी नेपाली फार्म और डोईवाला के बीच क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा ऋषिकेश में भी इसी तरह के हालत बने हुए है। यहां भी गंगा और अन्य बरसाती नदियों का पानी लोगों के घरों में घुस गया है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी देहरादून शहर और आसपास के आपदा ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए।आपदा की इस घड़ी में पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की। दोनों ने सीएम धामी को हर संभव मदद का भरोसा दिया हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.