
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग शनिवार को दोपहर तीन बजे करेगा। इस बात की जानकारी खुद चुनाव आयोग ने दी है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया जाएगा। ये विधानसभा चुनाव ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में होंगे। चुनाव आयोग के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव सात से आठ चरणों में हो सकते हैं। इससे पहले गुरुवार को नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के बाद आज इन्होंने पदभार संभाल लिया। चीफ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार ने शुक्रवार सुबह दोनों चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू का स्वागत किया। दोनों के पदभार संभालने के बाद आज ही 11 बजे के आसपास चुनाव आयोग की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बता दें कि 2019 में लोकसभा चुनाव सात चरणों में करवाए गए थे. पिछली बार 10 मार्च को चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान किया था। पहले चरण की वोटिंग 11 अप्रैल और आखिरी चरण के लिए 19 मई को वोटिंग हुई थी। नतीजे 23 मई को आए थे। उस चुनाव के वक्त देश में 91 करोड़ से ज्यादा वोटर्स थे, जिनमें से 67 फीसदी ने वोट डाला था।