देहरादून। देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा मृत्यु दर वाले 11 राज्यों में से 6 हिमालयी राज्य शामिल हैं। हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड में मृत्यु दर सबसे ज्यादा है। उसके बाद नागालैंड का नंबर आता है। पांच जून तक सर्वाधिक मृत्यु दर वाले हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के बाद नागालैंड, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम और मणिपुर है। उत्तराखंड में कोरोना मृत्यु दर दो प्रतिशत के आसपास है। विशेषज्ञों के मुताबिक हिमालयी राज्यों में कोरोना मृत्यु दर का अत्यधिक होना बेहद चिंता का विषय है। कोरोना की दूसरी लहर में हुई मानवीय हानि ने हिमालयी राज्यों में जन स्वास्थ्य बदहाली की कलई भी खोली है। हालांकि जन स्वास्थ्य के मामले में सभी हिमालयी राज्यों में कमोबेश एक जैसी स्थिति है। इसके साथ ही डॉक्टरों व दक्ष कर्मचारियों की कमी, संसाधनों की समस्या सभी हिमालयी राज्यों में समान है। यह चिंता केवल हिमालयी राज्य में वास करने वाले लोगों के स्वास्थ्य को लेकर नहीं है, बल्कि करोड़ों की संख्या में हर साल वहां यात्रा और सैर करने वाले सैलानियों और श्रद्धालुओं की सेहत की भी है।