देहरादून। भाजपा के नये नवेले प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का विवाद अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा के सरकारी हेलीकॉप्टर से दौरे को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने मामले की जांच की मांग की है। हालांकि इस विवाद को हवा रेखा वर्मा ने अपने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट में खुद ही दी।
उन्होंने उत्तराखंड से सीधे लखीमपुर खीरी पहुंचने और वहां कार्यकर्ताओं के स्वागत की जानकारी दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सरकारी हेलीकॉप्टर के दुरुपयोग से जुड़ी खबरें वायरल हो गईं। कांग्रेस को भी प्रदेश सरकार और भाजपा पर निशाना साधने के लिए बैठे बिठाए एक और मुद्दा मिल गया। पार्टी ने भाजपा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। इस संबंध में रेखा वर्मा से संपर्क किया गया तो बताया गया कि वह लोकसभा में हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार का हेलीकॉप्टर भाजपा प्रदेश सहप्रभारी रेखा वर्मा को छोड़ने के लिए लखीमपुर खीरी गया था। उन्हें छोड़ने के लिए एक वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ जाने की चर्चा है। हेलीकॉप्टर ने लखीपुर खीरी पुलिस लाइन में लैंड किया, जहां जिले के डीएम, एसपी व भाजपा नेताओं ने रेखा वर्मा का स्वागत किया। इसके बाद उत्तराखंड सरकार का हेलीकॉप्टर वापस लौट आया। रेखा वर्मा ने अपने फेसबुक और ट्विटर पर उत्तराखंड से सीधे लखीमपुर पहुंचने की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, एक दिवसीय अपने संसदीय क्षेत्र के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्तराखंड से सीधे लखीमपुर पहुंचने पर भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने अत्यंत उत्साह के साथ आत्मीय स्वागत किया। सभी का हृदय से आभार। रेखा वर्मा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर यह जानकारी साझा की। मामले ने तूल पकड़ा तो फेसबकु से पोस्ट हटा दी गई।
इस बारे में कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने सवाल उठाते हुए कहा कि रेखा वर्मा ने हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग करते हुए लखीमपुर खीरी का दौरा किया। मैं पूछना चाहती हूं सत्ताधारी हुक्मरानों से कि क्या आप लोग सिस्टम से ऊपर हो गए हैं। क्या संविधान जनता की गाड़ी कमाई का दुरुपयोग करने की इजाजत आपको देता है? प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाने का सबक जनता 2022 में सिखाएगी। उधर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस की हालत खिसियाई बिल्ली खंभा नोचने वाली हो गई है। पार्टी सह प्रभारी मुख्यमंत्री के साथ रामनगर कार्यक्रम गईं थीं। इस मामले को विपक्षी बेमतलब तूल दे रहे हैं।
भाजपा उत्तराखंड की सह प्रभारी और सांसद रेखा वर्मा के सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल पर आम आदमी पार्टी ने जांच की मांग की है। आप नेता रविंद्र जुुगरान ने इसे सरकार हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग करार दिया। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल और गार्ड ऑफ ऑनर और इसके बाद सह प्रभारी रेखा वर्मा के हेलीकॉप्टर इस्तेमाल पर आप नेता जुगरान ने इसे सरकारी धन की बर्बादी का मामला बताया।
उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से भाजपा अपने संगठन के लोगों को हवाई यात्रा करवा रही है। चाहे वो उनके प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का मामला हो या उनके सहप्रभारी रेखा वर्मा का मामला हो। एक तरफ उनके संगठन के लोग सरकारी हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कर जनता के पैसे बर्बाद कर रहे जबकि दूसरी तरफ प्रदेश सरकार पैसे का रोना रोते हुए कर्ज ले रही है। लोग सड़कों पर आंदोलन को मजबूर हैं।सरकार को जनहित के बजाय अपनों के हित की ज्यादा फिक्र है। आप नेता ने कहा इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए कि कैसे जनता के पैसों से भाजपा अपने संगठन के लोगों को हवाई सैर करवा रही है।