शादी के मात्र 10 महीने बाद ही घरेलू कलह के चलते जिंदगी को कहा अलविदा
नैनीताल। शादी के मात्र 10 महीने बाद ही नवविवाहिता अपने सपने बिखरने पर इतनी आहत हुई कि उसने अपनी जिंदगी को ही अलविदा कह दिया। बताया जाता है कि घरेलू कलह के चलते उसने यह आत्माघाती कदम उठाया। घुघुखान सिगड़ी निवासी 22 वर्षीया पूजा बिष्ट पुत्री गोधन सिंह बिष्ट का विवाह 10 महीने पहले धनपुर कालाढूंगी निवासी नरेश बिष्ट से हुआ था। खबर है कि पूजा का पति हिमाचल में किसी कंपनी में नौकरी करता था। लॉकडाउन के दौरान ही पूजा की मां की तबियत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद वह अपने मायके आ गई। लॉकडाउन के बाद से ही वह मायके में रह रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को पूजा ने अपने पति नरेश से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान दोनों में विवाद शुरू हो गया। इससे आहत पूजा ने घर पर रखा कीटनाशक गटक लिया और वह बेहोश हो गई। जिसके बाद उसके घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसके परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया। बीते रविवार को उपचार के दौरान पूजा ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे तहसीलदार भगवान सिंह चौहान ने मृतका के मायके वालों से इस बारे में पूछताछ की। ससुराल पक्ष को भी इस बात की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।