देहरादून: BJP नेता के फ्लैट पर पुलिस का छापा, बिना अनुमति चल रही थी पार्टी

देहरादून। राजपुर इलाके में एक भाजपा नेता के फ्लैट पर देर रात पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने छापामारा। पुलिस का कहना है कि मौके पर बिना अनुमति आधी रात तक पार्टी हो रही थी। मादक पदार्थों के सेवन की आशंका से वहां मौजूद सभी 11 लोगों की मेडिकल जांच करवाई गई, जिसमें मादक पदार्थों की पुष्टि नहीं हुई, हालांकि सभी लोगों का इलाके की शांति भंग करने पर पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।
राजपुर में BJP नेता के फ्लैट पर छापा
बता दें कि भाजपा नेता का फ्लैट राजपुर इलाके में साईं मंदिर के पास है। SSP अजय सिंह की माने तो नेता का फ्लैट होम स्टे है। ऐसे में एक ग्रुप ने उसे पार्टी के लिए बुक किया था। वीकेंड पर देहरादून में बिना अनुमति देर रात तक पार्टी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश हैं।
बिना अनुमति देर रात तक चल रही पार्टी
बता दें कि सभी होम स्टे, क्लब गेस्ट हाउस आदि को हिदायत दी गई है कि देर रात बिना अनुमति के पार्टी या कार्यक्रम का आयोजन ना करें। ऐसा करने पर कार्रवाई की जाएगी। जिसके चलते टीम मौके पर पहुंची। मेडिकल जांच में वहां मौजूद सभी 11 लोगों में ड्रग्स के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। जिसके चलते चालान की कार्रवाई की गई। बता दें कि ये फ्लेट भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल का है। इस फ्लेट पर होमस्टे चलता हैं।








