उत्तरकाशी: जर्मन शेफर्ड बने आपदा पीड़ितों की उम्मीद, मलबे के ढेर में जिंदगी की तलाश

उत्तरकाशी। धराली आपदा का आज 12वां दिन है। अभी तक मलबे में दबे किसी व्यक्ति को नहीं ढूंढा जा सका है। दरअसल धराली में खीर गंगा कई चरणों में बाढ़ के दौरान ढेर सारा मलबा लाई थी। इस मलबे की कई परतों के नीचे लापता लोगों के दबे होने की आशंका है।
लोगों की तलाश कर रहे जर्मन शेफर्ड:- जर्मन शेफर्ड ‘फैंटम’ और ‘कोको’ खीर गंगा से तबाह हुए धराली में भागीरथी के किनारे बारिश और ठंड की परवाह किए बगैर दिन भर मलबे को सूंघकर उसके नीचे दबे लोगों को ढूंढने की कोशिश में लगे हुए हैं। एसडीआरएफ के जवान उन्हें हर उस लोकेशन पर ले जाते हैं, जहां उन्हें आशंका होती है कि यहां कोई मलबे के नीचे दबा हो सकता है।
एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट आरएस धपोला ने बताया कि मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह इलेक्ट्रिकल डिटेक्टर 40 मीटर तक दबे किसी भी वस्तु की जानकारी देता है। ये जानकारी मिलने के बाद जिस चीज को ढूंढ रहे हैं, उसके लिए खोदाई शुरू कर दी जाती है।
मलबा हटाना चुनौती:- एनडीआरएफ के सहायक धपोला ने बताया कि रडार से पता चला है कि मलबे के नीचे लगभग 8 से 10 फीट नीचे लोग दबे हो सकते हैं। मलबे में बड़े-बड़े हार्ड बोल्डर और पत्थर के साथ मिक्स मलबा है, इसे हटाना चुनौती बन रहा है। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद जहां पर GPR से संकेत मिल रहे हैं, वहीं पर खोदाई कर रहे हैं।
डीएम ले रहे सर्च अभियान का जायजा:- उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्या भी धराली आपदास्थल पर चल रहे सर्च ऑपरेशन का नियमित जायजा ले रहे हैं। डीएम ने कहा कि पानी की धार के लिए अवरोध बन रहा मलबा तेजी से हटाया जा रहा है। दलदली जमीन पर जहां मशीनों से ऑपरेट नहीं कर सकते हैं, वहां पर मैनुअली काम हो रहा है।
गौरतलब है कि 5 अगस्त 2025 को धराली में खीर गंगा गाड़ से भीषण बाढ़ आई थी। दिन में करीब डेढ़ बजे आई बाढ़ की पहली आपदा ने अपने साथ लाए बड़े-बड़े बोल्डरों और मलबे से धराली को काफी नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद भी कई चरणों में खीर गंगा में उस दिन बाढ़ आती रही। कई चरणों में आई खीर गंगा की आपदा ने धराली बाजार और सेब के बगीचों का अस्तित्व ही नष्ट कर दिया। तभी से यहां सर्च ऑपरेशन चल रहा है। मलबे में खोज अभियान में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल पुलिस और प्रशासन के लोग लगे हुए हैं।








