उत्तराखंड के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना, अलर्ट जारी

देहरादून।उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के सभी जनपदों के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ होने की संभावना है। राज्य के देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भार से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली , पिथौरागढ़, चंपावत और पौड़ी जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इन जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है।
बता दें बीते दिनों भारी बारिश और आपदा ने उत्तराखंड को गहरे जख्म दिए हैं। भारी बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से कई संपर्क मार्ग लगातार बाधित हो रहे हैं। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
आपदा के बाद लोग अपनों को तलाशने में लगे हुए हैं। धराली आपदा में कई घर और जिंदगियां मलबे में दफन हो गई। जिसके बाद लापता लोगों की तलाश की जा रही है। धराली आपदा के पीछे के कारणों को भी जानने के लिए वैज्ञानिक और विशेषज्ञ की मौके पर पहुंच गई है।








