उत्तराखंड में बेखौफ वन तस्कर, वन दरोगाओं को कुचलने की कोशिश, मुकदमा दर्ज

नैनीताल/हल्द्वानी। बेखौफ वन तस्करों ने गुरुवार देर रात भाखड़ा वन रेंज में गश्त कर रहे दो वन दरोगाओं पर जानलेवा हमला करते हुए ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया। जंगल से ट्रॉली में करीब 40 हजार रुपये के बेल फल लादकर ले जा रहे तीन परिवारों के सात युवकों ने उनकी बंदूक तोड़कर छह कारतूस लूट लिए। उनकी बाइक और मोबाइल फोन भी तोड़ डाला। बाद में ट्रैक्टर और प्लॉट में फेंके कट्टों में भरे बेल बरामद कर लिए गए। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
वन दरोगा मोहन सिंह चौहान और मनोज कुमार मेलकानी ने मुखानी पुलिस को बताया कि 20 फरवरी की रात वह लामाचौड़ अनुभाग में मोटर साइकिल से गश्त पर निकले थे। रात करीब साढ़े 8 बजे वन निगम कटान प्लॉट लामाचौड़ 96 लॉट संख्या 27 पर पहुंचे तो दो मोटरसाइकिल पर सवार लोग और उनके पीछे ट्रैक्टर को जाते देखा। वन दरोगाओं ने उक्त लोगों का पीछा किया, रात होने की वजह से टॉर्च की रोशनी और आवाज लगाकर रुकने को कहा, लेकिन वो नहीं रुके। वन दरोगाओं ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। इस दौरान दोनों मोटरसाइकिल सवार वन दरोगा जमीन पर गिर गए। उन्होंने उठकर दोबारा पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट पर ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया।
तस्करी और शिकार के शक पर जब वन दरोगाओं ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ने का प्रयास किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। वन दरोगाओं को जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पीट डाला। दरोगा मोहन सिंह चौहान का मोबाइल और मनोज कुमार मेलकानी की मोटरसाइकिल तोड़ डाली। मोहन सिंह चौहान से सरकारी बंदूक छीन कर उसे भी तोड़ दी और 6 कारतूस लूट लिए। मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वन बैरियर पर लगी रस्सी काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ फरार हो गए। घटना में वन दरोगाओं को चोटें आई हैं।
मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता का कहना है कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।








