उत्तराखंड: नदी में डूबे सेना के जवान का शव SDRF ने किया बरामद

देहरादून/बाजपुर।तीन साथियों के साथ बौर जलाशय घूमने आया फौजी नहाने के दौरान डैम में डूब गया था। स्थानीय गोताखोर, जल पुलिस और एसडीआरएफ की उसकी तलाश की लेकिन जवान का कुछ पता नहीं चल पाया। आज सुबह एसडीआरएफ की टीम कड़ी मशक्कत के बाद जवान को नदी से निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, बीती 22 जून को पुलिस को एक सूचना मिली थी कि बाजपुर क्षेत्र के गूलरभोज नदी में सेना में तैनात एक जवान डूब गया था। यह सूचना मिलते ही एसडीआरएफ यानी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां रेस्क्यू अभियान को चलाया गया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने की वजह से डूबे जवान का कुछ पता नहीं चल पाया। ऐसे में रेस्क्यू रोकना पड़ा।
बेंगलुरु का रहने वाला था जवान: आज सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिसमें टीम को सफलता मिली और डूबे जवान का शव बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। गूलरभोज नदी में डूबे जवान की पहचान हिमांशु मिश्रा निवासी बेंगलुरु (कर्नाटक) के रूप में हुई। हिमांशु भारतीय सेना की आर्मी सप्लाई कोर में तैनात थे। जो वर्तमान में हल्द्वानी में सेवा दे रहे थे। कुछ समय पहले ही उनका ट्रांसफर हल्द्वानी हुआ था।
बता दें कि उत्तराखंड में लगातार बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर हैं। प्रशासन लगातार नदियों में नहाने और राफ्टिंग करने वालों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।








