उत्तराखंड: गुलदार ने व्यक्ति को बनाया निवाला, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

0
4

पौड़ी। उत्तराखंड में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन गुलदार के हमले में लोग जान गंवा रहे हैं। चौबट्टाखाल विधानसभा में गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना निवाला बनाया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

मिलीं जानकारी के अनुसार सिरोली गांव निवासी पूरण सिंह (उम्र 54 वर्ष) अपने दैनिक कार्य से गांव वापस आ रहा था, तभी अचानक झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी कविंद्र इसटवाल मौके पर पहुंचे और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में गुलदार के हमले आम हो चुके हैं। अब समय आ गया है कि प्रशासन इसे गंभीरता से ले और गुलदार को आदमखोर घोषित किया जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलदार को आदमखोर घोषित करने तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। वही डीएफओ पौड़ी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि यह घटना की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में पिंजरा, ट्रैप कैमरे और गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.