उत्तराखंड: 287 पदों पर चिकित्सकों की होगी भर्ती, शासन ने बोर्ड को भेजा प्रस्ताव

देहरादून।उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार ने 287 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें 231 सीधी भर्ती और 56 बैकलॉग पद हैं। प्रदेश के दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों को तैनात करने के लिए सरकार ने खाली पदों पर नियुक्तियां कर रही है। चिकित्साधिकारियों के 287 पदों का प्रस्ताव चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा गया है।
सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा, प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह भर्ती प्रक्रिया उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को खाली पदों पर शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।







