उत्तराखंड: मंदिर से माँ संग लौटती बच्ची से चलती टैक्सी में छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

नैनीताल/हल्द्वानी।उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक छह साल की बच्ची के साथ टैक्सी ड्राइवर ने छेड़छाड़ की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी को भी हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।
मिलीं जानकारी के अनुसार मंगलपड़ाव क्षेत्र की रहने वाली बच्ची परिजनों के साथ रानीबाग स्थित शीतला मंदिर गई थी। वहां से लौटते वक्त बच्ची, उसकी मां व अन्य महिलाएं टैक्सी में सवार हो गईं। पिता व अन्य पुरुष बाइकों से लौट रहे थे। बच्ची व उसकी मां बोलेरो गाड़ी में आगे सीट पर बैठे थीं। पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा के इंदिरानगर में बड़ी रोड के रहने वाले चालक नदीम ने स्टीयरिंग अपने साथी को थमा दिया। वह खुद दूसरी साइड में मां-बेटी के नजदीक बैठ गया।
आरोप है कि चलते वाहन में नदीम ने बच्ची के साथ शर्मनाक हरकत करनी शुरू कर दी। काफी देर तक उसकी मां व अन्य को इसका पता नहीं चला। नदीम बच्ची से छेड़छाड़ करता रहा। गाड़ी जैसे ही डिग्री कॉलेज के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची तो परिजनों ने नदीम की हरकत देख ली और उसे फटकार लगाई। वे लोग वाहन से वहीं उतर गए और भोटियापड़ाव पुलिस चौकी पहुंचे। नदीम मौका पाकर अपने साथी के साथ वाहन लेकर भाग निकला।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश दी। देर रात कोतवाल राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के पास से नदीम व उसके साथी को पकड़ लिया। गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई। इस मामले में नदीम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल यादव ने बताया कि नदीम के साथी की संलिप्तता की जांच की जा रही है।








