उत्तराखंड: गर्लफ्रेंड की शादी की चल रही थी तैयारी, प्रेमी ने कर दिया अश्लील वीडियो वायरल

हल्द्वानी। मुखानी थानाक्षेत्र निवासी युवती ने अपने मित्र के खिलाफ अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि अश्लील वीडियो वायरल होने से उसकी शादी टूट गई है। पूरे मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मिलीं जानकारी के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित युवती ने पुलिस में तहरीर देते हुए बताया है कि 6 जून को उसकी नैनीताल जिले के एक गांव निवासी एक युवक से शादी होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो गई थी, यहां तक की उसके शादी के कार्ड भी बंट गए। पूर्व में मित्र रहे एक युवक के पास उसकी अश्लील फोटो-वीडियो थी। 20 मई को उसने फोटो वीडियो युवती के होने वाले देवर को भेज दिए। युवक मित्र ने साजिश के तहत फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मेरी अश्लील तस्वीरें और मैसेज भी वायरल कर दिए। जब वीडियो युवती के होने वाले पति ने देखा तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया है कि युवक साइको प्रवृत्ति का है पूर्व में भी उसने उसको काफी परेशान किया है। उसकी इस हरकत को लेकर वह पहले भी पुलिस को शिकायत कर चुकी थी और पुलिस ने उससे माफीनामा भी लिखवाया था। इस बीच उसने युवक से अपना पीछा छुड़ा लिया।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरे मामले में मुखानी थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








