उत्तराखंड: अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

नैनीताल।पर्यटन के लिए प्रसिद्ध भीमताल झील में अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी। शव, झील में उतराता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती के शव को बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने भीमताल झील किनारे एक शव को उतराते हुए देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भीमताल पुलिस ने फायर सर्विस की मदद से शव को झील से बाहर निकलवाया। प्रथम दृष्टया शव एक दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की जेब से या आसपास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों को सूचना देकर लापता युवतियों की सूची मंगवाई है।
सीओ प्रमोद साह ने बताया कि युवती की पहचान की कोशिश कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल युवती के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह आत्महत्या है या हत्या, इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।







