गंगा दशहरा पर उत्तर रेलवे हरिद्वार के लिए चला रहा विशेष ट्रेनें, जानिए रूट व समय

नई दिल्ली/उत्तराखंड।गंगा दशहरा के मौके पर स्नान में शामिल होने के लिए रोजाना काफी संख्या में लोग हरिद्वार जा रहे हैं। पर्व को लेकर बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हरिद्वार से लखनऊ के बीच सामान्य कोच से लैस विशेष ट्रेन संचालित की है। इन ट्रेनों में यात्री अनारक्षित टिकट लेकर पहुंच सकते हैं। टिकट आरक्षण की कोई जरूरत नहीं है। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें 5 जून से 7 जून के बीच दिल्ली, हरिद्वार और लखनऊ के बीच संचालित होंगी। ये ट्रेनें सामान्य श्रेणी (जनरल कोच) की होंगी, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
ट्रेन नंबर 04305/04306: दिल्ली जंक्शन–हरिद्वार–दिल्ली जंक्शनः- यह स्पेशल ट्रेन 5 और 6 जून को चलाई जाएगी। दिल्ली से हरिद्वार के लिए रात 11 बजे प्रस्थान करेगी। सुबह 4:50 बजे यह स्पेशल ट्रेन हरिद्वार पहुंचेगी। हरिद्वार से दिल्ली वापसी में ये स्पेशल ट्रेन दोपहर 3:40 बजे चलेगी और दिल्ली आगमन रात 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, रुड़की आदि स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यहां के लोगों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी।
ट्रेन नंबर 04307/04308: दिल्ली जंक्शन–हरिद्वार–दिल्ली जंक्शन (वाया सहारनपुर):- 04307 नंबर से दिल्ली से हरिद्वार के लिए स्पेशल ट्रेन 6 और 7 जून को सुबह 3:50 बजे चलेगी। ट्रेन नंबर 04308 हरिद्वार से दिल्ली के लिए 5 और 6 जून को रात 7:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सहारनपुर, शामली, बड़ौत, बागपत, नॉली रेलवे स्टेशन पर रुकेगी।
ट्रेन नंबर 04309/04310: लखनऊ–हरिद्वार–लखनऊ स्पेशल ट्रेनः- लखनऊ से हरिद्वार के लिए स्पेशल ट्रेन 6 और 7 जून को दोपहर 11:30 बजे प्रस्थान करेगी। हरिद्वार से लखनऊ के लिए 5 और 6 जून को रात 8:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह स्पेशल ट्रेन बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद, लक्सर आदि स्टेशनों पर रुकेगी।
उत्तर रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि यात्री अनावश्यक भीड़ के सुगम यात्रा के लिए निर्धारित समय और स्टेशनों पर पहुंचें। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से दिल्ली-एनसीआर व अन्य क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।








